येरूशलम, 04 जनवरी। फलस्तीन की तरफ से दागे गए रॉकेट के जवाब में कार्रवाई करते हुये इजरायली विमानों ने गाजा में हमास के ठिकानों पर बमबारी की। इजरायली सेना ने एक बयान में कहा, गाजा पट्टी से इस्राइल के दक्षिणी इलाकों में दागे गए रॉकेटों की प्रतिक्रिया में वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने गाजा पट्टी क्षेत्र में उग्रवादी ढांचों को निशाना बनाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के येरूशलम को इजरायल की राजधानी के तौर पर मान्यता देने के छह दिसंबर के फैसले के बाद से ही गाजा से फलस्तीनी उग्रवादी इस्राइल पर कम से कम 20 रॉकेट या मोर्टार दाग चुके हैं। ये रॉकेट कट्टरपंथी इस्लामी समूहों द्वारा दागे जाते हैं, लेकिन इजरायल इसके लिए हमास को जिम्मेदार मानता है और हमास के ठिकानों को निशाना बनाकर प्रतिक्रिया करता है।







