मुंबई (अनिल बेदाग): कांतारा यूनिवर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म कांतारा चैप्टर 1 ने अपनी नई झलक के साथ दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया है। होम्बले फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस पैन-इंडिया फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता गुलशन देवैया और कन्नड़ सिनेमा की उभरती सितारा रुक्मिणी वसंत की एंट्री ने प्रशंसकों में हलचल मचा दी है। गुलशन का कुलशेखर के रूप में फर्स्ट लुक और रुक्मिणी की इस यूनिवर्स में शामिल होने की खबर ने फिल्म को लेकर उत्सुकता को नई ऊँचाइयों पर पहुंचा दिया है।
2022 की ब्लॉकबस्टर कांतारा का यह प्रीक्वल, जिसे ऋषभ शेट्टी ने लिखा और निर्देशित किया है, एक बार फिर दर्शकों को अपनी रहस्यमयी और भावनात्मक कहानी से बाँधने की तैयारी में है। गुलशन देवैया का किरदार कुलशेखर इस कहानी को नई दिशा देगा, जबकि रुक्मिणी वसंत की मौजूदगी इस यूनिवर्स को और समृद्ध करेगी। रुक्मिणी, जिन्होंने सप्ता सगरदाचे एलो में अपनी गहरी अभिनय क्षमता से सबका दिल जीता था, ने इसे अपने लिए एक सपने के साकार होने जैसा बताया। उन्होंने कहा, “ऋषभ सर ने जब मुझे कहानी सुनाई और इस सफर का हिस्सा बनने को कहा, तो लगा कि मेरा सपना सच हो गया। यह मेरे लिए एक खास पल है।”
कांतारा चैप्टर 1 न केवल अपनी गहरी कहानी और लोककथाओं से प्रेरित कथानक के लिए चर्चा में है, बल्कि इसके विजुअल और म्यूजिक को लेकर भी उत्साह है। अरविंद एस. कश्यप की सिनेमैटोग्राफी और बी. अजनिश लोकनाथ की धुनें इस फिल्म को एक विजुअल और भावनात्मक उत्कृष्टता प्रदान करेंगी। ऋषभ शेट्टी एक बार फिर अपने सेंट्रल किरदार में नजर आएंगे, और यह प्रीक्वल पहली फिल्म की जड़ों को और गहराई से खोजेगा।
रुक्मिणी ने अपने इस प्रोजेक्ट को लंबे समय तक गुप्त रखा। उन्होंने हँसते हुए बताया, “मैं छत पर चढ़कर चिल्लाना चाहती थी कि मैं कांतारा में हूँ, लेकिन मुझे सही समय का इंतजार करना था। अब जब यह खबर सामने आई है, तो दिल को सुकून मिला है।” गुलशन के फर्स्ट लुक ने भी प्रशंसकों में सवाल उठाए हैं कि उनका किरदार इस कहानी को किस रोमांचक मोड़ पर ले जाएगा।
विजय किरगंदूर के होम्बले फिल्म्स के तहत बन रही यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम, बंगाली और इंग्लिश भाषाओं में वर्ल्डवाइड रिलीज होगी। कांतारा चैप्टर 1 का यह नया चेहरा, जिसमें गुलशन और रुक्मिणी जैसे प्रतिभाशाली कलाकार शामिल हैं, निश्चित रूप से दर्शकों को एक अविस्मरणीय सिनेमाई अनुभव देगा।







