वायुसेना ने की सिफारिश, एयर स्ट्राइक के जांबाज भी होंगे सम्मानित
नई दिल्ली, 21 अप्रैल 2019: पाकिस्तान के खिलाफ एयर स्ट्राइक में उसके एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने की वीरतापूर्ण कार्रवाई के लिए वायुसेना ने विंग कमांडर अभिनन्दन वर्धमान को वीर चक्र प्रदान करने की सिफारिश की है. बता दें कि युद्ध के समय योगदान के लिए दिए जाने वाले सम्मानों में यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ सम्मान है. मालूम हो कि परमवीर चक्र और महावीर चक्र के बाद वीर चक्र का स्थान आता है.

अभिनंदन को वीर चक्र देने की सिफारिश के अलावा एयरफोर्स ने पाक के बालाकोट में एयर स्ट्राइक करने वाले मिराज 2000 लड़ाकू विमानों के 12 पायलटों को भी वायुसेना मेडल देने की बात कही है.
बालाकोट एयरस्ट्राइक के एक दिन बाद जब पाक के लड़ाकू विमान भारतीय सीमा में घुस आये थे तो भारत की जवाबी कार्रवाई में अभिनन्दन वर्धमान पाक के एफ -16 विमान को मार गिराया था. हालांकि उनका प्लेन मिग-21 भी हमले का शिकार हुआ था और वह पाकिस्तान की सीमा पर जा गिरे थे. पाक सेना ने उन्हें पकड़ लिया था. एक दिन बाद उन्हें भारत सकुशल सौंपा गया था.







