लखनऊ, 13 अप्रैल 2019: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने जनता को झूठे सपनें दिखाये थे। बदलाव लाने और अच्छे दिनों का वादा कर जनता को भ्रमित कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कहा था कि नोटबंदी से कालाधन, भ्रष्टाचार और बेईमानी समाप्त हो जायेगी, लेकिन इसके ठीक उलट देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो गयी। डालर के मुकाबले रूपया कमजोर हो गया।
उन्होंने कहा कि किसानों के खाद की बोरी से पांच किलो की चोरी हो गयी। आम आदमी की जेब से चोरी हो गयी। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी बनती है कि चौकीदारों की चौकीदारी छीननी चाहिए। गांवों के असली चौकीदारों की सरकार को कोई चिंता नहीं है।
श्री यादव ने कहा भाजपा असली मुद्दों की बात नहीं कर रही है। किसानों को सस्ती खाद, फसल की सही कीमत मिलनी चाहिए। किसानों को डेढ़ गुना मुनाफा देने का वादा हवा-हवाई ही साबित हुआ। भाजपा सरकार ने आलू और धान खरीदने की बात कही थी लेकिन उस पर कोई अमल नहीं हुआ।






