वाराणसी, 27 अप्रैल 2019: प्रधानमंत्री ने एक रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोई मोदी को कितनी भी गाली दे, चिंता ना करें। उन्होंने दावा किया कि वह कचरे से कमल खिलाना जानते हैं। प्रधानमंत्री ने एक किस्सा भी सुनाया, एक बार एक सज्जन जा रहे थे। लोग बहुत गालियां दे रहे थे। वो सुन रहे थे। लोग हाथ लंबा करके उसे गाली दे रहे थे और वे चले जा रहे थे।
कहीं पर पहुंचे तो लोगों ने उनसे पूछा कि इतने सारे लोग आपको गालियां दे रहे हैं। कह रहे हैं कि चोर है, ये है,वो है और आप क्यों ऐसा चल रहे हो। कुछ चिंता ही नहीं है आपको। आप पर कोई असर ही नहीं है। उसने कहा, देखो भाई। तुम बाजार में कुछ भी लेने जाओगे और लिये बिना आओगे तो तुम्हारे घर कुछ आएगा क्या ? जिसे जो देना है, देता रहे। अगर मेरी जेब में जगह ही नहीं है तो मैं कहां ले जाता हूं । मैं अपनी मस्ती से गुजरता हूं।
मतदान में सारे रिकॉर्र्ड टूटने चाहिए: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि इस बार देश ‘‘प्रो इन्कम्बेंसी वेव’ (सत्ता के पक्ष में लहर) देख रहा है और देश के इतिहास का यह इस तरह का पहला चुनाव है। जनता ने मन बना लिया है। इतिहास का पहला मौका है कि इस तरह का चुनाव लड़ा जा रहा है। मोदी ने कहा, ‘‘जनता हमें जितना प्यार दे रही है, उसके प्रति हमें हर पल आभार जताना है। कल कार्यकर्ता का परिश्रम और जनता का प्रेम ऐसा अद्भुत संगम था। उसी में से दिव्यता की अनुभूति होती है।
राजनीति में ‘‘प्रेम और दोस्ती’ खत्म हो रही है
उन्होंने साथ ही कहा कि राजनीति में ‘‘प्रेम और दोस्ती’ खत्म हो रही है, जिसे वापस लाना है। मोदी ने यहां 1819 बूथ अध्यक्षों और 226 सेक्टर प्रमुखों को संबोधित करते हुए कहा, हमें नम्रता के साथ चुनाव लड़ना है। आप मोदी के सिपाही हैं। टीवी और भाषण में जो हम झगड़ा करते हैं उससे प्रेरणा मत लीजिए। आप भी, जिसको जो गाली देनी है, वो सारी मोदी के खाते में पोस्ट कर दो। मैं गंदी से गंदी चीज से भी खाद बनाता हूं। कितना ही गंदा कूड़ा कचरा हो, मैं उसमें खाद बनाता हूं और उसी से कमल खिलाता हूं।






