लखनऊ, 11 अप्रैल 2019: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के लिए हुए पहले चरण के मतदान में ही जनता ने भाजपा के खिलाफ जबर्दस्त मतदान कर उसकी हवा निकाल दी है। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों के चेहरे उतर गए हैं। हर तरफ समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन का जोर है।
उन्होंने कहा कि यह गठबंधन महामिलावटी नहीं महापरिवर्तन के लिए है। यह विचारों का संगम है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपना एक-एक वोट गठबंधन के प्रत्याशियों को देकर देश में नई सरकार और नए प्रधानमंत्री का चुनाव करें।
सपा अध्यक्ष अखिलेश ने आज सम्भल में डाॅ. शफीकुर्रहमान वर्क, अमरोहा में श्री दानिश अली तथा बरेली में श्री भगवत शरण गंगवार के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा भाजपा को हराना इसलिए जरूरी है क्योंकि वह नफरत की राजनीति करती है।
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने बांटो और राज करो की नीति चलाई थी। भाजपा भी यही नीति अपना कर समाज को जाति-धर्म में बांटने का काम कर रही है। भाजपा की दिल्ली सरकार फेल है इसकी जरूरत नहीं रह गई है। सामाजिक न्याय से महापरिवर्तन को कामयाबी मिलेगी।






