पटना, 11 अप्रैल 2019: बिहार में इस समय राजनीतिक आरोप- प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। बता दें कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने बिहार वासियों से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को दिल्ली से खदेड़ देने की अपील की है। बुधवार को लालू प्रसाद को उच्चतम न्यायालय से जमानत नहीं मिलने के बाद राजद द्वारा जारी उनके (लालू प्रसाद के) इस पत्र में बिहार वासियों से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को दिल्ली से खदेड़ देने की अपील की गई है।
बिहार एक नई गाथा लिखने जा रहा है:
लालू ने अपने पत्र में लिखा है, ‘‘इस वक़्त जब बिहार एक नई गाथा लिखने जा रहा है, लोकतंत्र का उत्सव चल रहा है। यहां रांची के अस्पताल में अकेले में बैठकर मैं सोच रहा हूं कि क्या विध्वंसकारी शक्तियां मुझे इस तरह कैद कराके बिहार में फिर किसी षड़यंत्र की पठकथा लिखने में सफल हो पाएंगी?
उन्होंने लिखा कि मेरे रहते अपने बिहारवासियों के साथ मैं फिर से धोखा नहीं होने दूंगा। मैं कैद में हूं, मेरे विचार नहीं। अपने विचारों को आपसे साझा कर रहा हूं क्योंकि एक दूसरे से विचारों को साझा करके ही हम इन बांटने वाली ताकतों से लड़ सकते हैं।’राजद प्रमुख में लिखा है कि रांची के अस्पताल में अभी शाम में अकेले बैठकर आप लोगों से बात करने का मन हुआ।
उन्होंने कहा कि जैसा की आप सब जानते ही है लोकसभा चुनाव का बिगुल फुंक चुका है। देश में बहुत बार चुनाव हुए पर इस बार का चुनाव पहले जैसा चुनाव नहीं है। इस बार के चुनाव में सब कुछ दांव पर है, देश, समाज, लालू यानी आपको बराबरी से सिर उठाकर चलने का जज्बा देने वाला और आपके हक और आपकी इज्ज़त और गरिमा सब दांव पर है। लड़ाई आर-पार की है।






