- दूसरे कार्यकाल में पहली मालदीव यात्रा सामरिक दृष्टि से है महत्वपूर्ण
- माह के अंत में ट्रंप के साथ होगी मुलाकात इसी साल चीन के राष्ट्रपति से भी मिलेंगे
नई दिल्ली, 02 जून 2019: देश की बागडोर संभालने और अपने मंत्रियों को जिम्मेदारी देने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महीने विदेश दौरे पर निकलेंगे। जून के पहले सप्ताह से प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
मीडिया ख़बरों और विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री अपने दूसरे कार्यकाल में पहली विदेश यात्रा पर सात जून को मालदीव की यात्रा पर जाएंगे। प्रधानमंत्री इससे पहले मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह का शपथ ग्रहण में पिछले वर्ष नवम्बर माह में मालदीव गए थे। सामरिक दृष्टि से मालदीव भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। चीन की इस देश में बढ़ती दिलचस्पी भारत के लिएखतरे की घंटी है। इब्राहिम सोलिह से पहले यहां चीन समर्थक सरकार थी। उस दौर में मालदीव के भारत के रिश्ते काफी तल्ख हो गए थे। लेकिन सोलिह के सत्ता संभालने के बाद जहां प्रधानमंत्री उनके शपथ ग्रहण समारोह में गए वहीं मालदीव के राष्ट्रपति ने भी अपनी पहली विदेश यात्रा के रूप में भारत को चुना था।
मालदीव से लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी 13 जून को संघाई सहयोग संगठन के समिट में हिस्सा लेने किर्गिस्तान जाएंगे। यह समिट किर्गिस्तान की राजधानी विश्केक में हो रहा है। जून के अंत में प्रधानमंत्री जी 20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान जाएंगे। सम्मेलन जापान के ओसाका में हो रहा है। यहां मोदी की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ ही अन्य विश्वस्तरीय नेताओं से मिलने का कार्यक्रम है।
बता दें कि जी-20 सम्मेलन 28-29 जून को हो रहा है। इस साल के अंत तक प्रधानमंत्री मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भी मुलाकात होनी है। मीडिया ख़बरों के अनुसार विदेश यात्रा के व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद प्रधानमंत्री बजय सत्र में संसद में भी मौजूद रहेगें। विदेश मंत्रालय उनकी यात्राओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। ओसाका में ट्रंप के साथ उनकी मुलकाकत को बाहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।