कांग्रेस ने कहा: अकबर का इस्तीफा सच की जीत
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर 2018। मी टू कैंपेन के तहत पहला विकेट मोदी सरकार के एक मंत्री एमजे अकबर के रुप में गिरा है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मी टू कैंपेन में फंसे एमजे अकबर का मंत्री परिषद् से इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। स्थापित प्रक्रिया के अनुसार अब यह इस्तीफा राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। इसके पूर्व अकबर ने विदेश राज्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। उन पर कई अखबारों में संपादक पद पर रहने के दौरान यौन उत्पीडऩ के आरोप लगे हैं। इस पर अकबर ने कहा कि उन्होंने निजी तौर पर अदालत से न्याय लेने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा मैं पद से इस्तीफा देना उचित समझता हूं और मेरे ऊपर लगाए गए गलत आरोपों को मैं निजी तौर पर अदालत में चुनौती दूंगा। इसलिए मैंने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। पिछले कुछ दिनों में अकबर पर करीब 20 महिलाओं ने कथित रूप से यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।







