हैकर्स के हाथों लोकतंत्र की कुर्बानी नहीं दी जा सकती, बैलेट पेपर से ही हो मतदान
नई दिल्ली, 27 जनवरी 2019: अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर शूजा के ईवीएम पर कथित बयान आने के बाद ईवीएम विवाद को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू चंद्रबाबू नायडू ने हैदराबाद के अमरावती में कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) 100 फीसदी हैक हो सकती है। उन्होंने अपने बयान में दावा कि ईवीएम मशीन 100 फीसदी तक हैक हो सकती है।

उऩ्होंने मीडिया से शनिवार को बातचीत में कहा कि हैकर्स के हाथों लोकतंत्र की कुर्बानी नहीं दी जा सकती। इसके साथ ही मांग की है कि निर्वाचन आयोग यह सुनिश्चित करें कि वीवीपीएटी पर्चियां 100 फीसदी तक निकलें या पुरानी मतपत्र व्यवस्था की शुरुआत की जाये।
70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर अमरावती में तेलुगु देशम पार्टी के सांसदों की एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी तकनीक का दुरुपयोग कर सकता है।उन्होंने कहा कि तकनीक का दुरुपयोग करना आसान है। यह खासतौर से उस व्यक्ति के लिए आसान है जो सॉफ्टवेयर प्रोग्राम तैयार करता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को ऐसी प्रणाली लागू नहीं करनी चाहिए जिस पर जनता का भरोसा ना हो। चंद्रबाबू ने कहा कि यहां तक कि विकसित देश भी ईवीएम का इस्तेमाल नहीं कर रहे और निर्वाचन आयोग को ऐसी प्रणाली का इस्तेमाल करने का दबाव नहीं बनाना चाहिए जिस पर भरोसा ना हो।






