भाजपा अधिवेशन में बोलें मोदी: मजबूर या मजबूत फैसला करे जनता
नई दिल्ली, 13 जनवरी 2019: प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ‘सबका साथ सबका विकास’ के लिए केंद्र में मजबूत सरकार चाहता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को तय करना है कि 2019 के चुनाव में उन्हें सेवाभाव, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से काम करने वाला ‘‘प्रधानसेवक’ चाहिए या राजशाही में विास करने वाला, जरूरत के समय 2-3 महीने के लिए छुट्टी पर जाने वाला।
उन्होंने यह भी कहा कि चौकीदार रुकने वाला नहीं है, एक-एक चोर को छोड़ने वाला नहीं है। रामलीला मैदान में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद के अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या आप ऐसे सेवक को पसंद करेंगे, जो आपके घर का पैसा चोरी करके अपने परिवार में बांटे? क्या आप चाहते हैं कि वो पड़ोसियों को आपके घर के अंदर की बात बताए? क्या हम ऐसा सेवक पसंद करेंगे, जो परिवार के सदस्यों के कान भरकर लड़ाता हो?
उन्होंने पूछा कि क्या आप ऐसा सेवक पसंद करेंगे, जिसे घर की मर्यादा का खयाल नहीं है? क्या आप ऐसा सेवक चाहते हैं कि जब घर में जरूरत हो, तब दो-तीन महीने छुट्टी पर चला जाए और उसका पता नहीं भी न हो? मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसका नामदार परिवार व्यवस्था को कैसे तोड़ता है, इसका उदाहरण है नेशनल हेराल्ड केस। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष व अन्य नेता जमानत पर बाहर हैं। इस केस से पता चलता है कि कांग्रेस के नेता जनता की जमीन एवं धन भी हड़प लेते हैं। उन्होंने कहा कि क्या हम राष्ट्र को उनके भरोसे छोड़ सकते हैं?
महागठबंधन की कोशिशों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल कांग्रेस के विरोध से ही पैदा हुए, आज वे कांग्रेस के साथ ही गठबंधन कर रहे हैं। ये देश के मतदाताओं को धोखा देने का प्रयास है।






