- बीएसपी राजस्थान, मध्य प्रदेश में अकेले दम पर लड़ेगी चुनाव
- मायावती ने कहा: कांग्रेस से गठबंधन नहीं दिग्विजय सिंह को संघ का एजेंट बताया
- दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मायावती सीबीआई के डर से गठबंधन में शामिल नहीं हो रही हैं
नई दिल्ली, 04 अक्टूबर 2018: बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। मायावती ने साफ शब्दों में कहा है कि इन जगहों पर कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। बीएसपी सुप्रीमो ने कांग्रेस पर उनकी पार्टी को खत्म करने की साजिश का भी आरोप लगाया है। मायावती के हमलों ने 2019 के आम चुनावों से पहले विपक्षी एकता और यूपी में महागठबंधन की तेज कोशिशों को भी ढेर कर दिया है।
मायावती ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा दिए गए बयान के संदर्भ में बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला। मायावती ने दिग्विजय सिंह को संघ का एजेंट बताते हुए कहा कि सोनिया और राहुल गांधी के ईमानदार प्रयासों के बावजूद उनके जैसे कुछ नेताओं ने कांग्रेस बीएसपी गठबंधन को चकनाचूर कर दिया।
मायावती ने दिग्विजय के बयान के बहाने पूरी कांग्रेस पार्टी की मंशा पर भी सवाल खड़े किए हैं। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में कहा था कि मायावती सीबीआई के डर से गठबंधन में शामिल नहीं हो रही हैं। मायावती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बीजेपी को केंद्र की सत्ता से हटाने के लिए गंभीर नहीं है, और वह बहुजन समाज पार्टी को खत्म करना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बहुजन समाज पार्टी आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव में अकेले ही दम पर ही चुनाव लड़ेगी और किसी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी।







