सिर्फ भ्रष्ट लोग ही मुझसे त्रस्त हैं: मोदी
नई दिल्ली, 13 फरवरी 2019: प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए अभियान तेज करेगी और कहा कि सिर्फ ऐसे लोगों को ही उनसे परेशानी थी जो सिर्फ भ्रस्ट हैं, जबकि ईमानदारों को ‘‘चौकीदार’ पर भरोसा है।
उन्होंने यहां ‘‘स्वच्छ शक्ति 2109’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अभियान के प्रति लोगों से समर्थन मांगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘2014 में आपने एक ईमानदार और पारदर्शी सरकार के लिए मत दिया। बिचौलियों और गरीबों के अधिकार छीनने वालों को सभी व्यवस्थाओं से बाहर कर दिया गया।’
उन्होंने कहा, ‘देश में हर ईमानदार आदमी इस ‘‘चौकीदार’ पर भरोसा करता है लेकिन जो भ्रष्ट हैं, उन्हें मोदी से परेशानी है। ’उन्होंने कहा कि हरियाणा में कुछ लोग अपने खिलाफ जारी जांच एजेंसियों की पड़ताल से परेशान हैं।
उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा, ‘हरियाणा में भी आप इस बात के गवाह हैं कि कैसे कुछ लोग जांच एजेंसियों की पड़ताल को लेकर परेशान हैं।’’ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ राज्य में भूमि सौदों में कथित अनियमितता को लेकर जांच चल रही है।






