भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है
लखनऊ, 19 जनवरी 2019: पश्चिम बंगाल में विपक्ष के चालीस गुटों को एक मंच पर मजबूती से खड़ा करने और भाजपा के खिलाफ आग उगलते हुए ममता बनर्जी के मंच से बोलते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव
ने कहा की पूरे देश ने मन बना लिया है कि वह इस बार लोकसभा चुनावों में देश का नया प्रधानमंत्री चुनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने पर जनता को छला है, धोखा दिया है। षडयंत्र करना और नफरत फैलाना ही उसकी आदत है। उन्होंने कहा कि आज पश्चिमी बंगाल से विपक्ष की एकता का जो संदेश जा रहा है पूरे देश में उसका असर होगा। भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।‘‘

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जो समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन हुआ है उससे पूरे देश में खुशी की लहर पैदा हुई है। नए साल में बदलाव आने पर और नया प्रधानमंत्री मिलने पर लोगों को बहुत खुशी होगी। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के उत्तर प्रदेश में साथ आ जाने से भाजपा में हताशा है। भाजपा नेता बैठक दर बैठक कर रहे हैं कि कैसे एक सीट ही बचा ली जाए।
श्री यादव ने कहा कि हमारे खिलाफ कहा जाता है कि हमारे बीच दूल्हे ज्यादा हैं। हमारा कहना है कौन दूल्हा होगा यह जनता तय करेगी। लेकिन जो फेल हो गए, जिन्होंने देश का विनाश किया वे बताएं कि दूसरा नाम कौन है? अभी जो नाम है उसने तो बुरी तरह निराश किया है। उन्होंने कहा कि हमने तो भाजपा से ही गठबंधन करना सीखा है। भाजपा ने 40 दलों से गठबंधन कर सरकार बनाई अब चुनाव आया तो इस गठबंधन में सीबीआई, ईडी आदि को भी जोड़ रहे है। दूसरी तरफ हमने जनता का साथ लिया है, वहीं 2019 का फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि हम एक-एक सीट जीतेंगे और भाजपा का सफाया करेंगे।






