नई दिल्ली, 11 दिसम्बर 2018: पांचों राज्यों के विधानसभा नतीजों की जीत से गदगद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अब बदलाव का समय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि हम इन राज्यों को ऐसी सरकार देने जा रहे हैं जिन पर उन्हें गर्व होगा।

राहुल गांधी ने कहा, ‘चुनाव के नतीजे आ गये। जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहता हूं. जहां हम हारे हैं और जो जीते हैं उनको हम बधाई देना चाहते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं और छोटे दुकानदार की है। अब हम जो विजन देने वाले हैं उन पर हम काम शुरू करेंगे।’
उन्होंने कहा कि हम इन राज्यों को ऐसी सरकार देने जा रहे हैं जिन पर उन्हें गर्व होगा। उन्होंने कहा कि ‘हमने भाजपा को हराया है। इन राज्यों में भाजपा के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने जो काम किया है उसके लिए हम धन्यवाद करते हैं, हम उनके काम को आगे ले जाना चाहते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यह बहुत स्पष्ट है कि देश के लोगों में यह भावना है कि मोदी ने जो वादे किये थे वो पूरे नहीं हुए। यह स्पष्ट सन्देश है कि मोदी और भाजपा जो कर रहे हैं उससे जनता खुश नहीं है।’







