एमपी सीएम ने किसानों की कर्ज माफी आदेश पर किये हस्ताक्षर
नई दिल्ली, 17 दिसम्बर 2018: सरकार बनते ही एमपी कांग्रेस के सीएम ने अपना पहला वादा निभाया। बता दें कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभालते ही कमलनाथ ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के ‘वचन पत्र’ (घोषणा पत्र) में किसानों के कर्ज माफ करने के किये गए वादे के अनुसार सोमवार शाम सबसे पहले किसानों के दो लाख रुपये तक के ऋण माफ करने की फाइल पर हस्ताक्षर किये। इस आदेश के आते ही किसानों के चेहरे खुश से खिल उठे।

इस बात की जानकारी मध्यप्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश राजोरा ने मीडिया को दी। राजोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा कर्जमाफी की फाइल पर हस्ताक्षर करने के बाद इस संबंध में आदेश जारी कर दिये गये हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सोमवार शाम जारी आदेश में कहा गया है कि मध्यप्रदेश शासन एतद् द्वारा निर्णय लिया जाता है कि मध्यप्रदेश राज्य में स्थित राष्ट्रीयकृत तथा सहकारी बैंकों में अल्पकालीन फसल ऋण के रूप में शासन द्वारा पात्रता अनुसार पात्र पाये गये किसानों के दो लाख रुपये की सीमा तक का 31 मार्च 2018 की स्थिति में बकाया फसल ऋण माफ किया जाता है।’’






