प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कार्यकर्ताओं से किया संवाद
नई दिल्ली, 01 मार्च 2019: पीएम मोदी ने यूपी के महागठबंधन को महा मिलावट करार दिया और कांग्रेस को छोटे दलों पर आश्रित रहने वाली पार्टी बताया। श्री मोदी ने कहा कि खुद का अस्तित्व बचाने के लिए कांग्रेस छोटे-छोटे दलों का सहारा ढूंढ रही है। छोटे-छोटे दलों की बिखरी हुई ताकत के भरोसे कांग्रेस फिर से अपनी जिंदगी ढूंढ रही है। यह बात उन्होंने भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि ये मिलावट सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि कांग्रेस को जीवित रखने के लिए हो रही है। इस महामिलावट का हिस्सा कौन हैं? वो लोग जो कभी एक दूसरे की आंख से आंख नहीं मिलाते थे और आज वे एक दूसरे के साथ मंच साझा कर रहे हैं, गले मिल रहे हैं। मोदी ने कहा कि खुद का अस्तित्व बचाने के लिए कांग्रेस छोटे-छोटे दलों के कंधे पर सवार होने के लिए रास्ते खोज रही है। छोटे दलों की बिखरी ताकत के भरोसे वह अपनी जिंदगी ढूंढ रही है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि विपक्ष आपको नकारात्मक दिशा की ओर ले जाने की कोशिश करेगा, लेकिन आपको उनके बहकावे में नहीं आना है। हमेशा सकारात्मक बातें ही करें। हमारे पास सकारात्मक बातें करने के लिए बहुत कुछ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया एक डेमोक्रेटिक मीडिया है। इसमें हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का अवसर मिलता है। इसने पिछले कुछ सालों में पूरी दुनिया में बहुत बड़ा बदलाव लाने का काम किया है।






