- समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा ने सूबे के 14 मंडलों में तैनात किए प्रभारी, देवेन्द्र सिंह को सौंपी वाराणसी की जिम्मेदारी, मोर्चे को वैधानिक शक्ल देने को चुनाव आयुक्त से की भेंट
लखनऊ, 24 सितम्बर 2018: सपा परिवार में मची कलह के बाद मुलायम अपने भाई के खेमे से निकल कर अखिलेश के खेमे में खड़े दिखाई दिए। उन्होंने एक बार फिर सेकुलर मोर्चे को झटका देते हुए अखिलेश की यूथ ब्रिगेड के पक्ष में बयान दिया। उन्होंने दिल्ली में सपा की साइकिल यात्रा के समापन के मौके पर रविवार को जंतर मंतर पर हुए कार्यक्रम में मंच पर जाकर अखिलेश को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि सपा नौजवानों कि पार्टी है यह कभी बूढी नहीं होगी।
इससे इतर समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा के संस्थापक शिवपाल सिंह यादव लगातार अपनी चुनावी सरगर्मी को पंख देने में लगे है। इसी कड़ी में आज उन्होने सूबे के 14 मंडलों के प्रभारियों का एंलान कर दिया। लगातार बदलते घटनाचक्र के बीच शिवपाल सिंह यादव अपने कदम बढ़ाते जा रहे है। अपनी पार्टी की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए आज ही उन्होने चुनाव आयुक्त से भेंट की।
बता दें कि शिवपाल सिंह भली प्रकार से जानते है कि संगठन को जमीन पर किस तरह से स्थापित किया जाता है। एक-एक करके वे उसी दिशा की ओर अपने कदम बढ़ा रहे है। आज सोमवार को मोर्चे की ओर से प्रकाश राय को इलाहाबाद मंडल का प्रभारी बनाया गया है। जबकि देवेन्द्र सिंह को वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

रामदर्शन यादव को आजमगढ़, रघुराज सिंह को कानपुर, देवेंद्र गुप्ता को आगरा मंडल का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा गोरखपुर मंडल की जिम्मेदारी एमपी यादव को, फैजाबाद का प्रेम प्रकाश वर्मा को, अलीगढ़ मंडल का रक्षपाल सिंह को, झांसी का विष्णुपाल सिंह उर्फ नन्हू राजा को, लखनऊ का राम सिंह यादव को, बस्ती का बाबूराम निषाद को, बरेली का फरहत मियां को, मिर्जापुर और मेरठ मंडल का प्रभारी जय सिंह को बनाया गया है। जैसा कि मोर्चे के संस्थापक शिवपाल सिंह यादव ने पहले ही लोकसभा की सभी 80 सीटों पर चुनाव लडऩे का एंलान कर चुके है।







