नई दिल्ली, 06 जनवरी 2019: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के द बारीपदा में भाजपा की एक रैली में कांग्रेस पर प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘चौकीदार’ के पीछे ‘‘चोरों की जमात’ पड़ी है। उन्होंने इस मौके पर आगे कहा कि 2004 से 2014 के दौरान देश के रक्षा बलों को कमजोर करने की साजिश रची गई थी। अब इस तरह के खुलासे से कांग्रेस नेताओं को तकलीफ हो रही है। किसी भी कीमत पर वह अब चौकीदार को हटाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि, ‘‘इसलिए, वे लोग रास्ते से किसी भी कीमत पर चौकीदार को हटाना चाहते हैं। चाहे यह समाज हो या फिर फैक्टरियां, चोर हमेशा ही कोशिश करता है और अपना काम आसान बनाने के लिए चौकीदार को हटाने की साजिश रचता है। जब तक चौकीदार रहेगा वह कुछ नहीं कर पाएगा।
उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी सत्ता में रहने के दौरान जनता के लिए सरकार चलाने के बजाए रक्षा क्षेत्र में बिचौलिए के इशारे पर काम कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भी उन्हें (कांग्रेस नेताओं को) तकलीफ देता है क्योंकि उनके राज अब सामने आ रहे हैं।






