और मैं सपने दिखाने वालों में से नहीं
नई दिल्ली, 28 जनवरी 2019: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा रहते हुए एक विवादित बयान दिया है उन्होंने कहा कि सपने पूरे न कर पाने वाले नेता को जनता पीटती है। फिलहाल भाजपा की तरह से इस विवादित बयान पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है। फिलहाल उन्होंने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए गडकरी ने अपने मंत्रालय द्वारा किए गए कामों का जिक्र किया और कहा, ‘‘दिल्ली में हमने नई सड़कें बनाई, जिसके बाद हम दिल्ली में प्रदूषण को 27 प्रतिशत कम करने में सफल हुए।
बता दें कि श्री गडकरी ने रविवार को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान नेताओं को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जो सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से काफी सुर्खियां बटोर रही है। उन्होंने कहा कि जनता को सब्जबाग दिखाने वाले नेता अच्छे लगते हैं लेकिन सपने पूरे नहीं हुए तो जनता पिटाई भी करती है। गडकरी ने यह टिप्पणी बॉलिवुड अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर के भाजपा में शामिल होने के लिए आयोजित कार्यक्रम में की।
गडकरी ने कहा, ‘‘सपने दिखाने वाले नेता लोगों को अच्छे लगते हैं, पर दिखाए हुए सपने पूरे नहीं किए तो जनता उनकी पिटाई भी करती है। इसलिए सपने वही दिखाओ, जो पूरे हो सकें। और मैं सपने दिखाने वालों में से नहीं हूं। मैं जो बोलता हूं, वह 100 प्रतिशत डंके की चोट पर पूरा होता है।’ गडकरी जब ये बातें कह रहे थे, कार्यक्रम स्थल ठहाकों से गूंज रहा था।






