कल सोमवार शाम पांच बजे लेंगे शपथ
नई दिल्ली, 16 दिसम्बर 2018: छत्तीसगढ़ राज्य में सीएम के पद पर पिछले कई दिनों से जारी सस्पेंस अब खत्म हो गया है। मीडिया खबरों के अनुसार रविवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री चुना गया है।
श्री बघेल को विधायक दल का भी नेता चुना गया है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इसका औपचारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि थोड़ी देर में एलान होगा। नये मुख्यमंत्री के लिए नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रमुख नेता और दुर्ग लोकसभा सीट से सांसद ताम्रध्वज साहू और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणदास महंत को प्रमुख दावेदार माना जा रहा था।
बता दें कि बघेल सीएम पद की शपथ सोमवार शाम 4.30 बजे लेंगे। मुख्यमंत्री पद की रेस में बघेल के अलावा टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू और चरण दास महंत शामिल थे।
यह है प्रोफाइल:
भूपेश बघेल का जन्म 23 अगस्त 1961 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन तहसील में हुआ है। कहा जाता है कि उनका कुर्मियों में अच्छा जनाधार है। ये ओबीसी जाति से आते हैं। वह 1985 से कांग्रेस से जुड़कर राजनीति कर रहे हैं। श्री बघेल पहली बार 1993 में विधायक बने थे। मध्य प्रदेश की दिग्विजय सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 2000 में जोगी सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रहे।







