डाक्टर महेन्द्र सिंह गनपत सहाय महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में सम्मिलित हुए
सुलतानपुर, 20 अक्टूबर 2019: जल शक्ति मंत्री डाॅक्टर महेन्द्र सिंह ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने का उद्देश्य स्वयं के साथ ही गरीबों के घर भी रोशन करना होता है। हम सबको दीपावली के शुभ त्योहार पर अपने यहां के बनाये हुए देसी दीप खरीद कर गरीबों के भी रोजगार को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे उनके घर में भी खुशियों का दीप जल सके।
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री डाॅक्टर महेन्द्र सिंह ने रविवार को गनपत सहाय महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यह विचार व्यक्त किया। उन्होंने कर्मयोगी पंडित राम किशोर त्रिपाठी व्याख्यानमाला का भी शुभारम्भ किया। इसके उपरान्त पंडित राम किशोर त्रिपाठी (एक और गाँधी) लेखक मृगेन्द्र राज द्वारा पुस्तक का विमोचन किया गया। भारत के महान अतीत से प्रेरणा लेकर अपने संस्कृति और सभ्यता के संरक्षण और इसमें गौरव वृद्धि करने की बात कही।
विश्व पटल पर भारत की महान उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए डाॅक्टर सिंह ने सदैव भारत के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया, बाबू गनपत सहाय एवं पंडित राम किशोर त्रिपाठी का अभिनन्दन पत्र पढ़ा। उन्होंने कहा कि गनपत सहाय महाविद्यालय का चतुरमुखी विकास हो रहा है। मंच के माध्यम से मैं विद्यालय के प्रबन्धक डाॅक्टर ओम प्रकाश पाण्डेय (बजरंगी) को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि महाविद्यालय के विकास के लिये जब कभी भी हमारी जरूरत पड़े, तो हम हर समय मदद करने के लिये तैयार हैं। जल शक्ति मंत्री ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार शिक्षा का स्तर उठाने के लिये विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया स्वागत गीत वन्दे मातरम गीत बड़ा ही सराहनीय रहा है।