केंद्रीय मंत्री ने अमेठी में की पदयात्रा, सिंगल यूज प्लास्टिक न प्रयोग करने के लिए किया जागरूक
अमेठी, 20 अक्टूबर 2019: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास व कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में पदयात्रा की। अमेठी के जगदीशपुर से पदयात्रा पर निकलीं। इस दौरान समर्थकों की काफी भीड़ थी। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान कहा कि गांधी जी के सपना तभी साकार होगा, जब स्वच्छता में हम अव्वल रहें। इसके लिए यह भी जरूरी है कि हम सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की शपथ लें। इसके साथ ही दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति सचेत करें।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी में बापू कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इसके तहत जिले के सभी मंडल (ब्लॉक) में गांधी संकल्प पद यात्रा निकाल रही है। यात्रा का उद्देश्य गांधी के विचारों को लोगों तक पहुंचाना है। इसी कार्यक्रम के तहत रविवार को एक पदयात्रा जगदीशपुर से तेरहुत होते हुए भवनीगढ़ तक पहुंची। यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उसके समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश का नाम पूरे विश्व में रोशन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में ही वह दम था, जिन्होंने 370 हटाने की साहस की। 70 सालों में किसी सरकार ने इसको हटाना तो दूर, इसके खिलाफ आवाज उठाने की साहस नहीं की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग धमकियां दे रहे थे कि 370 हटने के बाद जम्मू में खून-खराबा बढ़ जाएगा। ये वहीं लोग थे, जो 370 के नाम पर ही अपनी रोटियां सेक रहे थे। उनकी रोजी-रोटी बंद हो गयी। आज जम्मू-कश्मीर में आम जन राहत महसूस कर रहा है। उनको भविष्य में अपना विकास दिख रहा है।






