मुंबई, 28 जून : ‘कांटा लगा’ बिग बॉस फेम एक्ट्रेस और मॉडल शेफाली जरीवाला का 27 जून 2025 की देर रात मुंबई में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। 42 वर्षीय शेफाली को उनके पति, अभिनेता पराग त्यागी और कुछ अन्य लोग तुरंत अंधेरी के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है, ताकि मौत के सटीक कारण का पता लगाया जा सके।
शेफाली ने 2002 में रीमिक्स म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से रातोंरात प्रसिद्धि हासिल की थी, जिसने उन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने सलमान खान और अक्षय कुमार की फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ (2004) में छोटी सी भूमिका निभाई और ‘बिग बॉस 13’ व ‘नच बलिए 5’ जैसे रियलिटी शोज में अपनी छाप छोड़ी।
उनके अचानक निधन से बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अभिनेता अली गोनी, राजीव अदातिया, मोनालिसा और मीका सिंह जैसे सितारों ने सोशल मीडिया पर दुख जताया। अली गोनी ने लिखा, “ये खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं।” वहीं, उनके पति पराग का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह गमगीन नजर आ रहे हैं।
शेफाली का जन्म 15 दिसंबर 1982 को अहमदाबाद, गुजरात में हुआ था। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी में डिग्री हासिल की थी, लेकिन मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई। उनकी पहली शादी मीत ब्रदर्स के हरमीत सिंह से हुई थी, जो 2009 में तलाक में खत्म हुई। बाद में 2014 में उन्होंने पराग त्यागी से शादी की।
सलमान खान और अक्षय कुमार के साथ भी किया था फिल्मों में काम
बता दें कि शेफाली ने सलमान खान और अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में भी छोटी लेकिन अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, उन्होंने ‘नच बलिए 5’ और ‘नच बलिए 7’ में अपने पति, अभिनेता पराग त्यागी के साथ हिस्सा लिया। 2019 में वह ‘बिग बॉस 13’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आईं थी।
शेफाली के निधन की खबर ने फैंस को भी झकझोर दिया है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें उनकी सादगी, आत्मविश्वास और शानदार डांस के लिए याद कर रहे हैं। मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है, लेकिन परिवार की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
लखनऊ से उनका खास नाता रहा, जहां वह एक कार्यक्रम में शिरकत कर चुकी थीं। उनके निधन ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है।







