वैश्विक महामारी कोरोना के बीच देश अब अनलॉक 4 की ओर बढ़ चला है और स्थितियां धीरे – धीरे सामान्य होने लगी है। ऐसे में खबर भोजपुरी जगत से है। निर्देशक पराग पाटिल और एक्टर खेसारीलाल यादव की बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म ‘लिट्टी चोखा’ की शूटिंग की डेट अनाउंस कर दिया गयी है। बाबा मोशन पिक्चर प्रा.लि. के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म की शूटिंग अगले महीने सितंबर से शुरू हो जायेगी। इसकी जानकारी पराग पाटिल से अपने सोशल मीडिया अकाउंट से फिल्म का पहला पोस्टर जारी करते हुए दिया है। फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के खूबसूरत लोकेशन पर होगी।
पराग पाटिल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पोस्टर के साथ ‘कभी ना दूंगा धोखा प्रिये, क्या ये संगम अनोखा है… तु हमार लिट्टी और हम तोहार चोखा प्रिये…’ लिखा। यह इस बात की ओर इशारा करती है कि भोजपुरी के दर्शकों को एक बार फिर पराग पाटिल स्टाइल में एक सार्थक सिनेमा मिलने वाला है।
इस फिल्म के निर्माता प्रदीप के शर्मा हैं और कहानी राकेश त्रिपाठी ने लिखी है। पराग ने कहा कि फिल्म ‘लिट्टी चोखा’ को हम बिहार और उत्तर भारत की संस्कृति से जोड़ कर बनाने वाले हैं। इस फिल्म के जरिये बिहार और उत्तर प्रदेश के दलित, उत्पीड़ित और पिछड़े जातियों के शोषण को उजागर किया जायेगा। उन्होंने बताया की यह फिल्म जाति, धर्म और वर्ग में भेदभाव को समाप्त करने की कोशिश होगी।







