नयी दिल्ली, 19 सितंबर : केन्द्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के ध्येय को हासिल करने के लिए राज्यों से अपनी खुद की रणनीति को तैयार करने की अपील आज की।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने किसानों की आय को बढाने के रास्तों को सुझाने वाली चार खंडों के रिपोर्ट जारी की है जिसे राज्यों को अध्ययन करना होगा और यह देखना होगा कि प्रत्येक राज्य में कितने बेहतर ढंग से इसे लागू किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि न केवल विभिन्न फसलों की उत्पादकता के स्तर में सुधार लाये जाने की आवश्यकता है बल्कि टिम्बर की खेती और मधुमक्खीपालन जैसे कृषि की सहायक गतिविधियों पर ध्यान केन्द्रित किये जाने की भी आवश्यकता है।
आगामी रबी सत्र के लिए बुवाई की रणनीति को तैयार करने के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए राधा मोहन सिंह ने कहा, सरकार का लक्ष्य उत्पादकता को बढाना और किसानों को उनकी ऊपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित कराना है।
सरकार ने किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना पीएमकेएसवाई, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना :पीएमएफबीवाई:, परम्परागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, नीम लेपित यूरिया तथा इलेक्ट्रॉनिक राष्ट्रीय कृषि बाजार ई.नाम जैसी कई योजनाओं की शुरआत की है।
Keep Reading
Add A Comment







