मुंबई: इस दशहरे पर कॉन्टिलो पिक्चर्स और इल्युजन रीऐलिटी स्टूडियो की 3डी एनिमेशन फिल्म ‘महायोद्धा राम’ का नया पोस्टर जारी हुआ। भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित यह फिल्म 17 अक्टूबर को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म में कुणाल कपूर (श्रीराम), मौनी रॉय (सीता), जिम्मी शेरगिल (लक्ष्मण), मुकेश ऋषि (हनुमान), गुलशन ग्रोवर (रावण) और रजा मुराद (महर्षि विश्वामित्र) ने अपनी आवाज़ से किरदारों को जीवंत किया है।

निर्माता अभिमन्यु सिंह ने कहा, “यह फिल्म श्रीराम के महायोद्धा स्वरूप को दर्शाती है। हम इसे वैश्विक स्तर पर रिलीज़ कर रहे हैं, क्योंकि श्रीराम विश्वभर में आस्था के प्रतीक हैं।” रायजादा रोहित जयसिंह वैद के निर्देशन में बनी यह फिल्म रामायण को आधुनिक तकनीक और नए अंदाज़ में पेश करती है।
गीत जावेद अख्तर, संगीत आदेश श्रीवास्तव और बैकग्राउंड स्कोर सौवीक चक्रवर्ती का है। सिनेपोलिस इंडिया द्वारा वितरित यह फिल्म हिंदी और तेलुगु में 3डी में रिलीज़ होगी।







