लखनऊ, 07 अप्रैल। अपना दल राष्ट्रीय, प्रान्तीय मण्डल एवं जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक केन्द्रीय कार्यालय लालबाग में आज सम्पन्न हुई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल एवं अध्यक्षता श्रीमती पल्लवी पटेल ने की। संचालन राष्ट्रीय कोषध्ययक्ष आनन्द हीरा राम पटेल ने की। बैठक के पहले दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल ने दल के संस्थापक सदस्य और हाईपावर कमेटी के चेयरमैन यशःकायी इं. चौधरी बलिहारी पटेल सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। तत्पश्चात कार्यसमिति की बैठक इं. चौधरी बलिहारी पटेल सभागार में की गई।
दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल ने संयुक्त बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं और गांव-गांव जाकर डा. सोनेलाल पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर समाज को दल से जोड़ने का काम करें। आज देश विषम परिस्थितियों के दौर से गुजर रहा है। आवाम को सच्चाई से दूर किया जा रहा है और वर्तमान सरकार विकास के मुद्दे से जनता का ध्यान हटाने के लिए गाय, गोबर, मन्दिर-मस्जिद धार्मिक उन्माद आदि मुद्दा खड़ा करती है।
बैठक की अध्यक्षता कर रही दल की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल पूर्वजों द्वारा बनाये गये संविधान को हर स्तर पर बचाने का काम करेगी। आज केन्द्र की भाजपा सरकार और उनकी सहयोगी पार्टियां संविधान के साथ खिलवाड़ कर दलित एक्ट को और आरक्षण को निष्प्रभावी करने का षड़यंत्र कर रहीं है, षड़यंत्र को विफल करने का काम अपना दल करेगा और इस सन्दर्भ में अपना दल ‘‘आरक्षण बचाओ-भाजपा हटाओ’’ का नारा देते हुए एक दिन का उपवास करते हुए धरने पर बैठेगा और एक ज्ञापन महामहिम राज्यपाल जी को सौंपेगा।







