‘वंदे मातरम्’ के 150 साल को समर्पित मेले का उद्घाटन करेंगे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रवेश रहेगा एकदम नि:शुल्क
लखनऊ: पुस्तक प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है! राजधानी के बलरामपुर गार्डन (अशोक मार्ग) में 1 से 11 अक्टूबर तक 23वें राष्ट्रीय पुस्तक मेले का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस बार की मुख्य थीम ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष रखी गई है। मेले का आधिकारिक उद्घाटन 1 अक्टूबर को शाम 5 बजे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे।
75 हजार वर्ग फीट में फैले इस 11 दिवसीय ज्ञान और संस्कृति के उत्सव में रोज सुबह 11 से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।
क्या कहा मेला संयोजक ने :
“यह केवल पुस्तक मेला नहीं, बल्कि ज्ञान और संस्कृति का उत्सव है। हमारा लक्ष्य पठन-पाठन की संस्कृति को और मजबूत करना है।” — मनोज सिंह चंदेल (मेला संयोजक) एवं आकर्ष चंदेल (मेला निदेशक)
मेले की प्रमुख झलकियां और मुख्य आकर्षण:
- 120+ स्टॉल्स और 50 से अधिक प्रकाशक: दिल्ली, नोएडा, प्रयागराज, आगरा और रायपुर समेत देश भर के दिग्गज प्रकाशक (जैसे वाणी, राजपाल, प्रभात, रेख्ता, उपकार, लोकभारती) अपनी पुस्तकों के साथ शिरकत करेंगे।
- हर पुस्तक पर न्यूनतम 10% छूट: हिंदी, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में साहित्य, शैक्षणिक, बाल साहित्य और दुर्लभ किताबों का विशाल संग्रह न्यूनतम 10% डिस्काउंट पर मिलेगा।
- स्थानीय लेखकों का विशेष कॉर्नर: स्थानीय लेखकों की किताबों के लिए अलग से विशेष स्टॉल लगाया जा रहा है।
सांस्कृतिक रंग व पुस्तक विमोचन: उद्घाटन के दिन ‘रतन सिस्टर्स’ के दल का नृत्य होगा। इसके अलावा, रोजाना काव्य गोष्ठियां, साहित्यिक परिचर्चाएं, बच्चों की प्रतियोगिताएं और प्रसिद्ध लेखकों (डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, करुणा पाण्डेय, नीलम राकेश आदि) की किताबों के विमोचन होंगे।






