लखनऊ 23 मई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने महिला सशक्तिकरण को अपूर्व एवं अविस्मरणीय योगदान दिया था। उनकी नई शिक्षा नीति, सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति एवं पंचायती राज की संवैधानिक सुधार पहल ने महिलाओं के सशक्तिकरण को दिशा दी।
इस आशय के विचार वक्ताओं ने राजीव गांधी स्टडी सर्कल,उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा राजीव गांधी पुण्यतिथि के संदर्भ में लखनऊ विश्वविद्यालय के डी.पी. ए.सभागार में आज आयोजित “राजीव गांधी और महिला सशक्तिकरण” विषयक एक दिवसीय सेमिनार में व्यक्त किए। सेमिनार में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने कहा कि आधी आबादी के सशक्तिकरण एवं हर क्षेत्र में उनकी सक्रिय असरदार भागीदारी के बिना सशक्त व समर्थ राष्ट्रनिर्माण संभव नहीं हो सकता।
मुख्य वक्ता एवं स्टडी सर्कल के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो.सतीश कुमार राय ने कहा कि शिक्षा और सहभागिता किसी कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण के प्रबल अस्त्र होते हैं । अध्यक्षता उर्दू- अरबी-फारसी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं पूर्व आईएएस डा.अनीस अंसारी ने की। स्टडी सर्किल के जिला अध्यक्ष और विद्यांत हिन्दू पीजी कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने संचालन किया।






