ग्लैमर के पीछे इमोशंस, इनसिक्योरिटी और सर्वाइवल की बेबाक कहानी; सोनाली कुलकर्णी, मौनी रॉय, रेजिना कैसेंड्रा स्टारर फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में
मुंबई: नेशनल अवॉर्ड विजेता डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने अपनी नई फिल्म ‘द वाइव्स’ की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी कर ली है। ‘चांदनी बार’, ‘पेज 3’, ‘फैशन’ और ‘हीरोइन’ जैसी हिट फिल्मों से समाज के अनदेखे कोनों को बेनकाब करने वाले भंडारकर इस बार बॉलीवुड की स्टार वाइव्स की निजी दुनिया में झांकते नजर आएंगे।
फिल्म कैमरों की चमक से परे उन भावनात्मक संघर्षों को उजागर करती है, जहां फेम, पावर और पब्लिक इमेज के बीच रिश्ते टिकाने की जद्दोजहद चलती रहती है। ग्लैमर के पीछे छिपी इनसिक्योरिटी, महत्वाकांक्षा, खामोशी और इमोशनल सर्वाइवल की अनकही दास्तानें इस बार स्क्रीन पर होंगी।
कास्ट में सोनाली कुलकर्णी, मौनी रॉय, रेजिना कैसेंड्रा, राहुल भट्ट, सौरभ सचदेवा, अर्जन बाजवा और फ्रेडी दारूवाला जैसे दिग्गज कलाकार अहम किरदार निभाते दिखेंगे।मधुर भंडारकर ने कहा, “यह स्पॉटलाइट से आगे की कहानी है उन निजी जिंदगियों की, जो शोहरत के शोर में दब जाती हैं। मैंने इसे पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता से बनाया है।”
प्रोड्यूसर प्रणव जैन (पीजे मोशन पिक्चर्स) ने कहा, “मधुर सर के साथ दूसरी बार काम करना क्रिएटिव रूप से शानदार रहा। ‘द वाइव्स’ बोल्ड, विचारोत्तेजक और दिल को छूने वाली फिल्म है, जो मीनिंगफुल सिनेमा चाहने वालों तक जरूर पहुंचेगी।”
भंडारकर एंटरटेनमेंट और पीजे मोशन पिक्चर्स की यह फिल्म ‘इंडिया लॉकडाउन’ के बाद इनकी दूसरी साझेदारी है। अब पोस्ट-प्रोडक्शन में है जल्द रिलीज अपडेट्स की उम्मीद!







