मुंबई, 05 मई। आलिया भट्ट अपनी फिल्म राजी के कारण चर्चा में हैं। वह इस फिल्म में जासूस की भूमिका निभा रही हैं। यह जासूस पाकिस्तानी युवा से शादी कर भारत के लिए पाकिस्तान में जासूसी करती है। राजी का गाना भी आ चुका है। इस गाने में पिता और बेटी के इमोशन्स को दिखाया गया है।
इसके बारे में आलिया भट्ट ने कहा, गाने की शूटिंग के दौरान मैंने विदाई की ड्रेस 175 से ज्यादा बार पहनी। शूटिंग के दौरान काफी मजा आया। प्रोडक्शन टीम का हिस्सा रहे एक शख्स का कहना है, गाने में कश्मीर से पाकिस्तान तक के सफर को दिखाया गया है, जिसे शूट करने में कई दिन लग गए। गाने के विदाई वाले हिस्से को शूट करने के लिए हमने पटियाला, कश्मीर जैसी तमाम लोकेशन पर शूटिंग की। जिस वजह से आलिया को विदाई की ड्रेस बार-बार पहननी पड़ती थी। राजी का दिलबरो गाना फिल्म की कहानी का सबसे बड़ा पड़ाव है।
यह कहानी एक कश्मीरी लड़की की है, जिसके पिता वतन की सुरक्षा के लिए उसे पाकिस्तान भेजते हैं। गाने में भले ही आलिया की विदाई का सीन दिखाया गया है। लेकिन असल में वह देश की सुरक्षा के मिशन पर पाकिस्तान जा रही हैं। गुलजार की बेटी मेघना गुलजार राजी का निर्देशन कर रही हैं। इसमें विक्की कौशल ने आलिया के पति की भूमिका निभाई है। यह फिल्म 11 मई को रिलीज होगी।







