मुंबई,21 जुलाई 2018: बॉलीवुड के दबंग हीरो सलमान खान छोटे पर्दे पर भी धूम मचाते ही रहते हैं। ऐसे में उनके शो बिग बॉस-11 की विनर रहीं शिल्पा शिंदे उनसे मिलने दस का दमदार वीकेंड के सेट पर पहुंच गईं। यहां उनकी मुलाकात हुई तो बात भी हुई और जब बात हुई तो दूर तलक तो जाना ही जाना था। दरअसल बताया जा रहा है कि बिग बॉस जीतने के बाद पहली बार शिल्पा सलमान के साथ नजर आई हैं। अब चूंकि लंबे समय बाद दोनों साथ दिखे हैं तो उनकी प्यारी-प्यारी तस्वीरें तो वायरल होंगी ही होंगी।
बता दें कि ब्लैक कलर की साड़ी में शिल्पा शिंदे ”दस का दमदार वीकेंड” के सेट पर पहुंचीं थीं, जो कि बेहद खूबसूरत नजर आ रहीं थीं। सलमान के शो में उनसे पहले हरदिल अजीज कलाकार कमल हासन भी पहुंचे थे, फर्क बस यह है कि वो अपनी फिल्म का प्रमोशन करने पहुंचे थे। विश्वरुपम 2 का प्रमोशन करने पहुंचे कमल हासन जब सलमान के साथ खड़े हुए तो लगा दुनिया के दो लीजेंडरी एक्टर कुछ खास करने जा रहे हैं।
बहरहाल कमल हासन ने इन हसीन और यादगार पलों को और भी यादगार तब बना दिया जबकि उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर सलमान के साथ अपनी तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि ‘भाई हो तो ऐसा, लंबे समय बाद सलमान आपसे मिलकर खुशी हुई।’ आपको याद दिला दें कि बिग बॉस और सलमान व कमल हासन में खास कनेक्शन है। आप कहेंगे वो कैसे तो वो ऐसे कि दोनों ही बिग बॉस होस्ट कर चुके हैं, अंतर सिर्फ यह है कि सलमान ने हिन्दी में तो कमल हासन ने तमिल में इस शो को होस्ट किया है। अब जबकि जोर-शोर से 10 का दम शो के ऑफएयर होने की बातें हो रही हैं तो ऐसे में दर्शेकों का ध्यान इन कलाकारों ने खींचा ही खींचा है।
शो के समय और उसके शीर्षक में भी बदलाव किया गया है, इसलिए आपको बतला दें कि शो को दस का दमदार वीकेंड के नाम से जाना जाएगा और इसमें सिर्फ सेलेब्रिटी ही हिस्सा ले सकेंगे। इस प्रकार अब यह शो सितारों से लबरेज रहने वाला है और इनकी खट्टी-मीठी यादों से रुबरु होने का अवसर दर्शकों को मिलेगा जो कि खास होगा ही होगा।






