नई दिल्ली, 24 फरवरी। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा असम टूरिज्म के कैलेंडर के कारण विवादों में हैं। इस पर कांग्रेस पार्टी ने आपत्ति जताई है। कांग्रेसियों ने प्रियंका को असम टूरिज्म की अम्बेसेडर से हटाने तक की मांग की है।
देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा असम टूरिज्म की ब्रांड अम्बेसेडर हैं। इसलिए उन्होंने असम टूरिज्म के लिए कैलेंडर शूट करवाया है। कांग्रेसियों का कहना है कि, इस कैलेंडर शूट में प्रियंका ने रिवीलिंग ड्रेस पहनी है। प्रियंका के ड्रेसअप को लेकर असम सदन में कांग्रेस के सदस्य रूपज्योति कुर्मी, रोजलिन तिर्की और नंदिता दास ने प्रियंका चोपड़ा पर उनके ऐसे कपड़े पहनने से असम की सभ्यता को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया है। साथ ही इन लोगों का कहना है कि प्रियंका को कैलेंडर शूट के दौरान असम की पारंपरिक ड्रेस पहननी थी।

वहीं इस मामले में असम टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष जयंत मल्लाह बरुआ ने कहा कि इस कैलेंडर में ऐसा कुछ भी नहीं है जिस पर आपत्ति जताई जाए। इस कैलेंडर को इसलिए बनवाया गया है कि असम का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार किया जा सकें। इसके अलावा प्रियंका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुत प्रसिद्ध भी हैं। प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अमेरिका में है और वहां वह उनके शो क्वांटिको की शूटिंग कर रही है।
असम टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने इस कलेंडर को जारी किया है। बताते चलें कि, पिछले साल प्रियंका चोपड़ा जब विदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई शिष्टाचार मीटिंग में मिली थी तब जो तस्वीरें सामने आई थी उनको देखने के बाद उन्हें ड्रेसअप को लेकर सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया था।
प्रियंका ने बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक सफलता का परचम लहराया है। कई दिनों से अमेरिकी प्रसिद्ध शो क्वांटिको में व्यस्त प्रियंका की वापसी जल्द होने वाली है।इस शो का तीसरा सीजन जल्द आने वाला है।
प्रियंका ने खुद इसकी जानकारी दी है। दरअसल, प्रियंका ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए बताया है कि, वो 26 अप्रैल से वापसी करने वाली हैं। इसके साथ उन्होंने इससे जुड़ा एक पोस्टर भी शेयर किया है जिसमें वो ब्लैक ड्रेस में नज़र आ रही हैं। साथ में लिखा है कि, एलेक्स पेरिश इज बैक। इस शो में प्रियंका एक बार फिर से एफबीआई एजेंट एलेक्स पेरिश की भूमिका में नज़र आएंगी।इसके साथ प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर भी क्वांटिको के सीजन 3 को लेकर एक पोस्ट शेयर की है।







