गाजीपुर, 20 मई 2020: जनपद में बुधवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब वाराणसी से प्राप्त कोरोना की 23 रिपोर्ट में से 18 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जबकि इसके पूर्व से ही जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 42 थी। इसमें से छह लोग इलाज के दौरान पूर्णता स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। अब जनपद में 54 कोरोना एक्टिव मरीज हो गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने बताया कि 23 लोगों का सैम्पल जांच के लिए भेजी गई थी, जिसमे 18 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटव मिली। इनमें जिले के पकड़ी रेवतीपुर तीन, वयेपुर देवकली एक, सेवराई एक, पृथ्वीपुर, नसरतपुर, हैदरगंज मरदह में तीन, प्रीतम नगर कालोनी सदर में सात, छेदी लाल चौराहा सदर एक, जय नगर मोहम्मदाबाद में एक, गनपा करीमुद्दीनपुर में एक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कोरोना पॉजिटव मरीजों के संपर्क में आये सभी लोगों को कोरेन्टीन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी पॉजिटिव मरीजों के इलाके को हॉट स्पॉट बनाकर कार्यवाही शुरू कर दी गई है। गौरतलब हो कि वैश्विक महामारी कोरोना के चलते देश मे लगे लॉक डाउन से देश के विभिन्न प्रांतों से प्रवासी मजदूरों के वापस अपने घरों की ओर आने के बाद गाजीपुर जनपद में कोरोना संक्रमण का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है।
बुधवार की शाम 18 और पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य महकमे की नींद उड़ गई है। मेडिकल टीम नए संक्रमितों को उपचार के लिए वाराणसी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल भेजने की तैयारी में जुट गया है। कोरोना संक्रमितों की बढ़ रही संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियात के साथ सतर्कता बरतना शुरू कर दी है।







