सोशल मीडिया पर सक्रिय हो रही कांग्रेस
सोशल मीडिया हमेशा से कांग्रेस की कमज़ोरी और बीजेपी की मज़बूती रहा है
नई दिल्ली, 19 जनवरी। पिछले लोकसभा चुनाव में पीएम नरेन्द्र मोदी का प्रंचड जीत दिलाने में सोशल मीडिया ने अहम योगदान दिया था। पीएम मोदी का सोशल कैंपेन आज भी बहुत मजबूत है। अब इसी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी छवि चमकाने के लिए कांग्रेस ने नया प्लान तैयार किया है।
इस प्लान के तहत राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद देशभर के कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर और सक्रिय होने को कहा गया है। सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख दिव्य स्पंदना खुद राज्यों का दौरा कर युवाओं से कांग्रेस सोशल मीडिया से जुड़ने की अपील कर रही हैं। यही नहीं पहले से ही जुड़े युवाओं को अच्छा काम करने पर राहुल से मुलाकात करवाने का आश्वासन भी दे रही हैं।
दिव्य स्पंदना ने एक खास योजना तैयार की है, जिसके तहत सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर राहुल गांधी और कांग्रेस की छवि चमकाने वालों को राहुल के साथ कॉफी, डोसा और आइसक्रीम पर मुलाकात करवाने का ऑफर दिया जा रहा है। इस योजना के तहत कांग्रेस मोदी की चाय पर चर्चा का कट मान रही है।
पार्टी हर राज्य में अपनी नई सोशल मीडिया टीम तैयार कर रही है। इस टीम को खासतौर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है कि किस तरह राहुल के खिलाफ दुष्प्रचार का जवाब दिया जाए और किस तरह बीजेपी की मज़बूत सोशल मीडिया टीम पर पलटवार किया जाए। गुजरात मे सोशल मीडिया पर मिली सफलता ने कांग्रेस को उत्साहित किया है और अब पूरी ताकत कर्नाटक पर लगने वाली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जब गुजरात के दौरे पर थे,तब उन्होंने प्रदेश भर से आए सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटरों से मुलाकात की थी। अब राहुल देश भर के राज्यों में भ्रमण के दौरान सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने का प्लान है।
ये मुलाकात मौज मस्ती के बीच होगी, यानी अगर मुलाकात गरम मौसम वाले राज्य में हो रही है तो आइसक्रीम के साथ होगी,दक्षिण के राज्य में कॉफ़ी और डोसा के साथ। बाकी के राज्यों में कॉफ़ी और चाय की चुस्कियों के साथ। कुछ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को दिल्ली में राहुल से मिलवाया जाएगा और सेल्फी भी खीचने दी जाएगी।
सोशल मीडिया हमेशा से कांग्रेस की कमज़ोरी और बीजेपी की मज़बूती रहा है। पीएम ने जिस तरह से इस प्लेटफार्म का प्रयोग किया, उससे सीख लेकर कांग्रेस मोदी के हथियार से उन्ही का शिकार करने की कोशिश में है।







