यूपी में तय समय पर मौसम के आने की भविष्यवाणी लगता है सच साबित हो रही है यूपी में जोर पकड़ रहे मॉनसून की वजह से बुधवार को राज्य के अनेक पूर्वी हिस्सों को जमकर बारिश हुई। प्रदेश के खासकर पूर्वी हिस्सों में कई स्थानों पर सुबह से ही झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया जो दोपहर बाद तक जारी रहा। इस बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही चिपचिपी गर्मी से राहत मिली।
आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है। हालांकि पश्चिमी भागों में इसने अभी रफ्तार नहीं पकड़ी है। राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बुधवार को भारी से बहुत भारी वर्षा भी हुई। इस दौरान बस्ती में सबसे ज्यादा 33 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हरैया में 12, बांसी में 9, तरबगंज तथा सिराथू में आठआठ, अयोध्या, अकबरपुर, चंद्रदीप घाट, गोंडा और भिनगा में सातसात, बहराइच और इलाहाबाद में छह-छह तथा वाराणसी और बीकापुर में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।







