भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, मां भारती के दिव्य मुखमंडल की वो आभा है, जो देश की विविधता में भर देती है एकता
राष्ट्रवाद मां भारती के दिव्य मुखमंडल की वो आभा है जो देश की विविधता में एकता भर देती है। राष्ट्रवाद से ही आने वाले कल का भारत सशक्त व सुरक्षित होगा। यही राष्ट्रवाद देश विरोधी ताकतों का विनाश करेगा। ये बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सोमवार को कही।
उन्होंने कहा कि इस देश में चंद विरोधी लोग ही हैं, जो विदेशी ताकतों के हाथों की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। ऐसी ताकतों का जनता खुद मुंहतोड़ जवाब देगी। राष्ट्रवाद का मतलब है गांव, गरीब किसान को मजबूत रखना। गांव, गरीब और किसान तीनों मिलकर राष्ट्र की रीढ़ हैं। यहां हर धर्म के लोग बसते हैं। राष्ट्रवाद का मतलब है, जहां हर धर्म के लोग एक दूसरे के धर्म का आदर करें। एक दूसरे के सुख-दुख में शामिल हों। अपने धर्म के प्रति आस्था रखते हुए राष्ट्र के विकास में हर वक्त योगदान देते रहें।
राष्ट्रवाद का मतलब है कि हिन्दू अपना पूजा करे, सिख अपना पूजा करे, मुसलमान अप पूजा करे और तीनों मिलकर राष्ट्र की उन्नति में योगदान करता रहे। हमारे राष्ट्र की शोभा ही विविधता में एकता की रही है। उन्होंने कहा कि यहां कुछ राजनीतिक दल अपने घटिया स्वार्थ की पूर्ति के लिए आमजन को भड़काना चाहते हैं, जिसे आमजन बखूबी समझ रहा है। वह इनके मंसूबे को कभी कामयाब नहीं होने देगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीएए के मुद्दे विपक्ष लोगों को बरगलाकर देश में उपद्रव फैलाने की कोशिश कर रहा है लेकिन आमजन ने खुद उसका जवाब दे दिया। अब विपक्ष चंद लोगों को भड़काकर तरह-तरह की बातों में उन्हें बरगलाने की कोशिश कर रहा है, जो कत्तई कामयाब नहीं हो सकता।






