मुंबई: क्या होगा जब वास्तविकता और भ्रम के बीच की पतली रेखा पूरी तरह गायब हो जाए? यही सवाल दर्शकों के दिमाग में गहराई तक उतरता है आने वाली फिल्म ‘नव्या चक्र’ के ट्रेलर में। रिलीज होते ही ट्रेलर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और थ्रिलर प्रेमी इसे ‘गेम चेंजर’ बता रहे हैं।
क्रूर हत्याओं से शुरू होकर गहरे षड्यंत्र तक
ट्रेलर की शुरुआत कई निर्मम हत्याओं की जांच से होती है, लेकिन कुछ ही देर में कहानी एक ऐसे खतरनाक मोड़ पर पहुंच जाती है जहां स्मृति, चेतना और वास्तविकता एक-दूसरे में बुरी तरह उलझ जाते हैं। फिल्म में मौजूद रहस्यमयी संगठन ‘PSYCON’ पूरे प्लॉट को और भी डरावना और रोमांचक बना रहा है। हर सीन के साथ दर्शक को यह अहसास होता है कि जो दिख रहा है, वह शायद सच नहीं भी हो सकता।
दर्शकों का मनोविज्ञान होगा चुनौती : निर्देशक
फिल्म के निर्देशक अमित दीक्षित ने कहा, “हम एक साधारण थ्रिलर नहीं, बल्कि दर्शकों के दिमाग को हिलाने वाला अनुभव लेकर आए हैं। ‘नव्या चक्र’ अंत तक आपको सोचने पर मजबूर कर देगी कि आखिर असली सच क्या है।”
लेखक रोहित एस. यादव ने फिल्म की खासियत बताते हुए कहा, “यह कहानी रहस्यों, अनसुलझे अपराधों और अप्रत्याशित ट्विस्ट का ऐसा सफर है जहां हर किरदार अपने अंदर एक अलग सच छिपाए हुए है।”
स्टार कास्ट और तकनीकी दम
फिल्म में जितेंद्र बोहारा, तुषार कवाले, जेसिका यादव, प्रतीक्षा सिंह समेत मजबूत कलाकारों की टीम है। शानदार विजुअल्स, शुभ्रो बी का तनाव बढ़ाने वाला बैकग्राउंड स्कोर और जय नंदन की Cinematography ने ट्रेलर को सिनेमैटिक स्तर पर नई ऊंचाई दी है।
कई चुनौतियों के बाद तैयार हुई फिल्म
निर्माण के दौरान कई बाधाओं और नाम परिवर्तन की प्रक्रिया से गुजरने के बाद ‘नव्या चक्र’ अब पूरी तरह तैयार है। 26 जून 2026 को यह फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर देखने के बाद दर्शक PSYCON के अंधेरे रहस्यों को जानने के लिए बेताब हैं।
क्या ‘नव्या चक्र’ वाकई मनोवैज्ञानिक रोमांच की नई परिभाषा बन पाएगी? 26 जून को थिएटर जाकर इसका जवाब मिलेगा।







