अनिल बेदाग
मुंबई : द पैराडाइस की घोषणा के बाद से ही यह फिल्म सुर्खियों में है और अब यह सबसे प्रतीक्षित फिल्मों में शुमार हो चुकी है। निर्देशक श्रीकांत ओडेला और नेचुरल स्टार नानी की सुपरहिट जोड़ी, जो पहले दसरा जैसी ब्लॉकबस्टर दे चुकी है, एक बार फिर इस प्रोजेक्ट में साथ आई है। यह श्रीकांत का अब तक का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है। वहीं, नानी अपने करियर के शिखर पर हैं, लगातार हिट फिल्में देकर पैन-इंडिया स्टार बन चुके हैं। उनकी जबरदस्त लोकप्रियता ने उन्हें भारतीय सिनेमा के शीर्ष सितारों में स्थापित कर दिया है।
हाल ही में मेकर्स ने दो पोस्टर जारी कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया था। अब नानी की पहली झलक ने तहलका मचा दिया है। इस फर्स्ट लुक में नानी गुंडों से घिरे नजर आ रहे हैं, जो उनके नाम का जयघोष कर रहे हैं। नानी का लुक बिल्कुल नया और अनदेखा है,आंखों में गुस्सा, चेहरे पर जोश और हर अंदाज में दमदार ऊर्जा। उनकी मौजूदगी स्क्रीन पर आग की तरह छा रही है। पोस्टर का टैगलाइन, “उसकी चोटी छुई, तो गुस्सा झेलो,” इस माहौल को और भी रोमांचक बना रहा है। यह झलक फिल्म में कुछ असाधारण होने का इशारा देती है।
द पैराडाइस श्रीकांत ओडेला की अनूठी कहानी और निर्देशन का नमूना होगी। उनकी बारीक कहानी कहने की शैली ने दसरा जैसी फिल्म को 100 करोड़ से अधिक की कमाई के साथ नानी के करियर की सबसे बड़ी हिट बनाया था। नन्नाकू प्रेमाथो और रंगस्थलम में सुकुमार के साथ सहायक निर्देशक के रूप में काम करने के बाद, श्रीकांत ने दसरा से निर्देशन की शुरुआत की और देशभर में तारीफ बटोरी। अब द पैराडाइस के साथ उनकी उम्मीदें और भी ऊंची हैं।
फिल्म का उत्साह अनिरुद्ध रविचंदर का धमाकेदार गाना और उनकी व अर्जुन चैंडी की आवाज और बढ़ा रही है। यह गाना फिल्म के मूड को बखूबी दर्शाता है और दर्शकों को रोमांचित करता है।SLV सिनेमा के बैनर तले बनी द पैराडाइस का निर्देशन श्रीकांत ओडेला ने किया है, और संगीत अनिरुद्ध रविचंदर का है। यह फिल्म 26 मार्च 2026 को भव्य रिलीज के लिए तैयार है और हिंदी, तेलुगू, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ व मलयालम—कुल आठ भाषाओं में रिलीज होगी। अपनी शानदार टीम और वैश्विक पहुंच के साथ, यह फिल्म सिनेमा को नए आयाम देने और दर्शकों को अनोखा अनुभव देने का वादा करती है।







