नई दिल्ली, 3 जुलाई : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और टेस्ला-स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क के बीच चल रहा तीखा विवाद एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। पहले ट्रंप ने मस्क को अमेरिका से निर्वासित करने की धमकी दी थी, जिसके जवाब में मस्क ने बैकफुट पर आकर अब ट्रंप की तारीफ करते हुए उनके वैश्विक संघर्षों को सुलझाने की क्षमता की सराहना की है।
विवाद की शुरुआत कहाँ से हुयी : यह तनाव ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ को लेकर शुरू हुआ, जिसमें टैक्स छूट और सरकारी खर्च में कटौती के प्रावधान शामिल हैं। मस्क ने इस बिल को “विनाशकारी” और “पागलपन भरा” बताकर इसकी कड़ी आलोचना की थी, जिससे ट्रंप नाराज हो गए। ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि मस्क की कंपनियों को मिलने वाली अरबों डॉलर की सब्सिडी बंद की जा सकती है और बिना सब्सिडी के मस्क को “अपनी दुकान बंद कर दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ सकता है।”
मस्क ने लिया यू-टर्न और कहा : जो तारीफ का हकदार है, उसकी तारीफ करनी चाहिए
ट्रंप की धमकी के बाद मस्क ने बुधवार को अपने रुख में बदलाव दिखाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, “जो तारीफ का हकदार है, उसकी तारीफ करनी चाहिए। डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया भर में कई गंभीर संघर्षों को सफलतापूर्वक हल किया है।” यह पोस्ट ट्रंप द्वारा इजरायल-गाजा के बीच 60 दिन के संभावित युद्धविराम की घोषणा के बाद आई। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि यह मस्क की रणनीतिक कोशिश हो सकती है ताकि तनाव कम किया जा सके, जबकि अन्य इसे ट्रंप की धमकी से डर का संकेत मान रहे हैं।
निर्वासन की धमकी का जवाब: मन बहुत कर रहा है पलटवार करने का!
ट्रंप ने मंगलवार को व्हाइट हाउस से फ्लोरिडा रवाना होने से पहले पत्रकारों से कहा, “हमें देखना होगा” कि क्या मस्क को निर्वासित किया जाएगा। मस्क, जो 2002 से अमेरिकी नागरिक हैं, ने जवाब में कहा, “बहुत मन कर रहा है पलटवार करने का, लेकिन फिलहाल खुद को रोक रहा हूं।” हालांकि, मस्क ने यह भी स्पष्ट किया कि वह ट्रंप के खिलाफ रिपब्लिकन सांसदों को प्राइमरी चैलेंजर्स के लिए फंड करने की योजना बना रहे हैं, जो उनके बिल का समर्थन करते हैं।
इस विवाद का असर मस्क की कंपनियों, खासकर टेस्ला, पर पड़ा है। मंगलवार को टेस्ला के शेयरों में 5.5% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे मस्क की संपत्ति में 12.1 अरब डॉलर की कमी आई। इसके अलावा, मस्क के स्वामित्व वाले X प्लेटफॉर्म पर भी तकनीकी खराबी की खबरें आईं, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं।
मस्क की नई पार्टी की योजना: मस्क ने ‘अमेरिका पार्टी’ बनाने की बात कही है, अगर सीनेट इस बिल को मंजूरी देती है। उन्होंने कहा कि यह डेमोक्रेट-रिपब्लिकन यूनिपार्टी का विकल्प होगा, ताकि लोगों की आवाज को बेहतर प्रतिनिधित्व मिल सके।
बता दे कि मस्क और ट्रंप के बीच यह जुबानी जंग अब नीतिगत असहमति से व्यक्तिगत हो गई है। हालांकि मस्क की तारीफ को कुछ लोग तनाव कम करने की कोशिश मान रहे हैं, लेकिन दोनों के बीच सुलह की संभावना कम दिख रही है। यह विवाद 2026 के मध्यावधि चुनावों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, क्योंकि मस्क का बढ़ता राजनीतिक प्रभाव और ट्रंप की आक्रामक रणनीति अमेरिकी राजनीति में हलचल मचा रही है।







