गृहमंत्री ने पाक को चेताया और कहा: सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
नई दिल्ली,18 सितम्बर 2019: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार भारत के क्षेत्र में किसी भी तरह की सेंध को बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसी किसी भी गतिविधि से कड़ाई से निपटने के लिए वह तैयार है। शाह ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 को पांच अगस्त को समाप्त करने के बाद से राज्य के हालात शांतिपूर्ण रहे हैं तथा एक भी गोली नहीं चली है। तब से किसी की भी मृत्यु नहीं हुई है।

उन्होंने मंगलवार को यहां अखिल भारतीय प्रबंधन संघ (एआईएमए) के एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा, भारत की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं होगा। हम अपने क्षेत्र में एक इंच भी घुसपैठ बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम इससे मजबूती से निपटेंगे। हम अपने जवानों के खून की एक भी बूंद बेकार नहीं जाने देंगे।







