अरविंद अकेला कल्लू बने बेस्ट एक्टर तो अंजना सिंह बेस्ट एक्ट्रेस, रंजन सिन्हा को मिला बेस्ट पीआरओ का अवॉर्ड
भोजपुरी सिनेमा के दो सबसे बड़े कलाकार पवन सिंह और खेसारीलाल यादव की बहुचर्चित प्रतिद्वंद्विता अब अवॉर्ड शो के मंच पर भी नजर आने लगी है। लखनऊ में भव्यता से आयोजित सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड्स 2025 में दोनों सितारों की फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहां दोनों की फिल्मों ने 7-7 अवॉर्ड जीतकर एक-दूसरे को जबरदस्त टक्कर दी।

इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बेस्ट एक्टर का खिताब इस बार अरविंद अकेला कल्लू के नाम गया, जिन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया। वहीं, बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड भोजपुरी सिनेमा की अदाकारा अंजना सिंह को मिला। इस समारोह में रंजन सिन्हा ने एक बार फिर अपनी पीआर प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बेस्ट पीआरओ का अवॉर्ड अपने नाम किया। रंजन सिन्हा भोजपुरी सिनेमा में पिछले दो दशकों से प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उनकी रणनीतियों ने कई फिल्मों को बड़ी सफलता दिलाई है।

बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड पवन सिंह स्टारर फिल्म ‘सूर्यवंशम’ को मिला, जिसके निर्माता निशांत उज्जवल हैं। दूसरी ओर, बेस्ट क्रिटिक फिल्म का सम्मान खेसारीलाल यादव की फिल्म ‘राजाराम’ को मिला, जिसे निर्माता पराग पाटिल और आर. प्रिंस ने बनाया है। गौरतलब है कि इन दोनों फिल्मों के पीआरओ भी रंजन सिन्हा ही थे, जिनका फिल्मों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान रहा।







