बॉलीवुड में सफलता की ऊंचाइयों को छूने वाले कई अभिनेता व अभिनेत्रियां इन दिनों फ़िल्म निर्माण के लिए अपना प्रोडक्शन हाउस भी चला रहे हैं। कुछ यही अब भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री में भी देखने को मिला रहा है, जब भोजपुरी के सबसे सफल अभिनेता और लोकगायक पवन सिंह ने भी अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू कर दिया है।
पवन के प्रोडक्शन हाउस का नाम माँ अम्मा फिल्म्स है, जिसके बैनर तले मकर संक्रांति के अवसर एक धमाकेदार फ़िल्म ‘साइको सईयां’ का शुभ मुहूर्त विधिवत पूजा पाठ के साथ किया गया। वहीं, इस फ़िल्म के प्रस्तुतकर्ता यशी फिल्म्स (अभय सिन्हा) हैं।
फ़िल्म ‘साइको सईयां’ का निर्देशन इंडस्ट्री के जाने माने निर्देशक व सिनेमेटोग्राफर देवेंद्र तिवारी करेंगे। इस फ़िल्म में पवन सिंह के साथ रितेश पांडे लीड रोल में धमाल मचाने वाले हैं। दोनों पहली बार सिल्वर स्क्रीन पर साथ नज़र आएंगे। पवन सिंह के साथ सुपरहिट म्यूजिक वीडियो बथता कमरिया से चर्चा में आई अभिनेत्री डिम्पल सिंह फ़िल्म की फीमेल लीड हैं। उधर, फ़िल्म ‘साइको सईयां’ के मुहूर्त के बाद भोजपुरी सिने इंडस्ट्री में चर्चा का बाजार भी गरम है।







