मुंबई, 28 मई 2025: पायोनियर कॉर्पोरेशन की भारतीय इकाई, पायोनियर इंडिया ने बेंगलुरु में अपने नए अत्याधुनिक अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) केंद्र का उद्घाटन किया। यह केंद्र ऑटोमोटिव और मोबिलिटी तकनीकों की अगली पीढ़ी विकसित करने के लिए समर्पित है, जो भारत और वैश्विक बाजारों में स्मार्ट, सुरक्षित और सुलभ मोबिलिटी की बढ़ती मांग को पूरा करेगा।
बता दें कि यह कदम 2023 में घोषित बेंगलुरु में आरएंडडी उपस्थिति के विस्तार का हिस्सा है। केंद्र का फोकस ऑटोमोटिव विज़न, उन्नत ड्राइवर सहायता प्रणाली (ADAS), डिजिटल कॉकपिट, क्लाउड-कनेक्टेड इंफोटेनमेंट, AI, और दोपहिया वाहनों के लिए कनेक्टेड समाधानों पर होगा। यह सुविधा OEMs, आफ्टरमार्केट और B2B क्षेत्रों, जैसे फ्लीट ऑपरेटरों और बीमा प्रदाताओं, की जरूरतों को पूरा करेगी।
पायोनियर कॉर्पोरेशन के सीईओ शिरो याहारा ने कहा, “यह केंद्र हमारी वैश्विक नवाचार रणनीति का महत्वपूर्ण कदम है। भारत की प्रतिभा और गतिशील मोबिलिटी इकोसिस्टम इसे नवाचार का आदर्श केंद्र बनाते हैं।” पायोनियर मोबिलिटी AI के सीईओ डॉ. शिवा सुब्रमणियन ने जोड़ा, “यह केंद्र भविष्य की मोबिलिटी के लिए अत्याधुनिक उत्पाद विकसित करेगा।”
केंद्र में कैमरा परीक्षण, एम्बेडेड सिस्टम और सॉफ्टवेयर वैलिडेशन के लिए उन्नत प्रयोगशालाएँ हैं। पायोनियर भारत में इंजीनियरों की भर्ती भी कर रही है, जिससे टीम का विस्तार होगा। यह पहल कंपनी के विज़न “Creating the Future of Mobility Experiences” को साकार करती है।
पायोनियर इंडिया, 2008 से भारत में कार एंटरटेनमेंट और मोबिलिटी सॉल्यूशंस में अग्रणी है। कंपनी 2026 से भारत में इन-कार उत्पादों का स्थानीय उत्पादन शुरू करने की योजना बना रही है, जिससे नवाचार और ग्राहक संतुष्टि को और बल मिलेगा।







