मुंबई: चार बंगला गुरुद्वारा साहिब के संस्थापक सरदार सिंह सूरी की सातवीं पुण्यतिथि पर मुंबई के अंधेरी स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धा का अनोखा मेला सजा। हजारों श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, अरदास और विशाल लंगर के जरिए उन्हें याद किया।
इस मौके पर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने पहुंचकर सरदार सिंह सूरी को श्रद्धांजलि दी। भावुक होते हुए प्रेम चोपड़ा ने कहा, “सरदार सिंह सूरी सिर्फ एक नेक इंसान नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक थे, जिन्होंने कई जिंदगियों को सही दिशा दी। मेरी पहली फिल्म में ही उन्हें हीरो के रूप में साथ काम करने का अवसर मिला, जो आज भी अविस्मरणीय है।”
सरदार सिंह सूरी ने सिनेमा और सेवा दोनों क्षेत्रों में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनकी फिल्म “ऐ धरती पंजाब दी” ने 9 पुरस्कार जीते, जिन्हें उस समय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने प्रदान किए। फिल्म में मोहम्मद रफ़ी और महेंद्र कपूर की आवाजें शामिल रहीं। बाद में उन्होंने सिनेमा छोड़कर समाजसेवा को अपना मिशन बनाया और चार बंगला गुरुद्वारा साहिब की स्थापना की।
यह पुण्यतिथि समारोह उनकी विनम्रता, समर्पण और सेवा की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बना।







