आखिर क्यों देना चाहते हैं राहुल इस्तीफा?
नई दिल्ली, 27 जून 2019: कांग्रेस की लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की पेशकश करने वाले राहुल गांधी ने बुधवार को कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों की बैठक में एक बार फिर पार्टी प्रमुख नहीं रहने की इच्छा जताई, हालांकि कई सांसदों ने उनसे पद पर बने रहने का आग्रह करते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण समय में कांग्रेस को उनके नेतृत्व की जरूरत है।
संसद भवन परिसर में सोनिया गांधी की अगुवाई में पार्टी के लोकसभा सदस्यों की बैठक हुई जिसमें राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य सांसद शामिल हुए।
सूत्रों ने कहा कि संसदीय दल की बैठक में राहुल गांधी ने एक बार फिर कहा कि वह अध्यक्ष पद पर बने नहीं रहना चाहते।
कांग्रेस सांसदों ने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वह पद पर बने रहें क्योंकि उनके अलावा पार्टी के पास नेतृत्व के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई पार्टी कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि कार्य समिति के सदस्यों ने उनकी पेशकश को खारिज कर दिया था।







