बसपा और मायावती से जुड़े सवालों को टाल गए मुलायम
लखनऊ, 02 अप्रैल 2019: मैनपुरी से पांचवीं बार लोकसभा चुनाव की जंग लड़ने के लिए तैयार सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री पद का दावेदार नहीं हूं।’ साल 1992 में सपा बनाने वाले मुलायम (नेताजी) का बेटे अखिलेश यादव के हाथों में पार्टी की कमान पहुंचने के बाद यह पहला चुनाव है।
बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सुबह सैफई से इटावा पहुंचे। वहां से नेताजी को पार्टी के हाईटेक रथ पर सवार कराकर अखिलेश उन्हें नामांकन कराने के लिए मैनपुरी जिला कचहरी पहुंचे। मुलायम दोपहर 12.31 बजे कचहरी आये और 12.53 बजे कुल 22 मिनट में पर्चा दाखिले की औपचारिकता पूर्ण कर लौटे।
नामांकन कर लौटे मुलायम ने मीडिया के सवालों पर कहा कि मैं प्रधानमंत्री पद का दावेदार नहीं हूं। मुलायम बसपा और मायावती से जुड़े सवालों को टाल गए। लेकिन उन्होंने कहा कि सपा को चुनाव में बहुमत मिलेगा। मायावती या अखिलेश में कौन बनेगा प्रधानमंत्री के सवाल पर मुलायम ने कहा कि चुनाव बाद तय होगा प्रधानमंत्री का नाम।






