जनता भाजपा के खिलाफ वोट डालने की तैयारी कर रही है
लखनऊ, 01 सितम्बर 2018: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हिन्दुस्तान समाचार पत्र के समागम समारोह में बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी महज ध्यान भटकाने का कार्य कर रही है और रही महागठबंधन की बात तो मैं क्यों इसके पेंच खोलूं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हमारा बहुत ध्यान भटकाया है।
उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा के खिलाफ वोट डालने की तैयारी कर रही है और वह प्रधानमंत्री का नया चेहरा चाहती है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने यहां हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा आयोजित ”हिन्दुस्तान शिखर समागम” में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के ”मिशन 74” के बारे में बताये जाने पर कहा, ”भाजपा के पास अब 73 सीटें नहीं हैं। अब 70 सीट बची हैं। जनता वोट डालने का इंतजार कर रही है।
राहुल के साथ गठबंधन को लेकर अखिलेश ने कहा कि उनके साथ हमारे संबंध काफी अच्छे हैं, हमने उत्तर प्रदेश चुनाव में काफी काम किया है। अभी फिलहाल उत्तर प्रदेश में हमें सीट जीतने पर ध्यान देना है। इस बार का चुनाव मुद्दों पर होने वाला है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन का इंतजार मत कीजिए। जनता इनके खिलाफ वोट डालने की तैयारी कर रही है। हम अपनी रणनीति क्यों बतायें और यदि बता देंगे तो हार जाएंगे। जैसे कैराना, फूलपुर और गोरखपुर में किया, वही रणनीति तैयार की है।
अब देश नए प्रधानमंत्री का इंतजार
प्रधानमंत्री उम्मीदवार को लेकर अखिलेश ने कहा कि इसमें कोई मुश्किल नहीं है, देश नए प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहा है। अगर बीजेपी के पास कोई नया प्रधानमंत्री नहीं है तो हमसे क्यों पूछते हैं। जब बीजेपी 47 पार्टी के गठबंधन को चला सकती है तो हमारे पास तो 2-3 पार्टियां ही साथ आईं हैं। मतलब की गुंजाइश बहुत है हमारे पास।







