अयोध्या राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष ने दी चेतावनी
नई दिल्ली, 24 सितम्बर 2018: अयोध्या राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने अलीगढ़ में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में राम मंदिर का निर्माण नहीं कराया तो यह भाजपा और मोदी दोनो के लिए घातक साबित होगा। आने वाले चुनाव में जनता उन्हें और भाजपा दोनों को पूरी तरह नकार देगी।
अलीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा मोदी के पास राष्ट्र के साथ-साथ और भी समस्याएं हैं। मोदी अपना और पार्टी का कल्याण चाहते हैं, तो जल्द से जल्द राम मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दें। इसी में उनका भी भला है और पार्टी का भी भला है। रामजी के राज में देर है अंधेर नहीं है।
महंत ने कहा कि हम मोदी-योगी की सरकार से कहते हैं, आपको शासन के लिए ही नहीं, मंदिर निर्माण के लिए भी भेजा गया है। आप केवल मंदिर निर्माण पर ध्यान दीजिए, इसी में आपका भी भला है और पार्टी का भी भला है। आप निश्चित जान लीजिए, अगर मंदिर निर्माण नहीं किया गया तो आपका भी बंटाधार और पार्टी का भी बंटाधार।







